सिमडेगाः पुलिस ने एक कंटेनर में लदी शराब की 1115 पेटियां जब्त की है.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कंटेनर पर अवैध शराब की खेप को पंजाब से राउरकेला-सिमडेगा के रास्ते बिहार ले जाई जा रही है.
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम ने उक्त वाहन की ट्रैकिंग शुरू की. अंततः पीछा करते हुए रांची-राउरकेला मुख्य मार्ग पर बीरू पुलिस कैंप के समीप कंटेनर को रोका गया. वाहन का खलासी चलती गाड़ी से कूद कर भाग निकला.
पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली. उसमें 1115 पेटियों में कुल 40052 बोतल शराब बरामद की. जब्त शराब का अनुमानित मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक है. पुलिस ने वाहन चालक गिंदर सिंह से पूछताछ की., लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया.
कागजात मांगने पर फर्जी चलान प्रस्तुत किया, जो कपास का था. पुलिस की सख्ती के बाद उसने बताया कि वह शराब की खेप पंजाब से लेकर पटना ले जा रहा था. पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है.
