गुरुग्राम के बिलासपुर थाना इलाके स्थित सिधरावली में सिग्नेचर ग्लोबल की निर्माणाधीन सोसाइटी में सोमवार रात बेसमेंट की मिट्टी के साथ दीवार ढहने से सात मजदूरों की मौत हो गई है. इन सात मजदूरों में छह झारखंड के हैं.
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं. कंपनी को नोटिस जारी किया गया है.
इस हादसे में चार घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है. पुलिस ने राहत और बचाव कार्य के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है.
मरने वालों में 6 झारखंड के रहने वाले थे, जबकि एक मजदूर राजस्थान का रहने वाला था.
इनके अलावा झारखंड के ही शिवशंकर, परमेश्वर महतो, मंगल महतो, सतीश, संजय गोप और धनंजय के मौत की खबर है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल (SDRF) ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. भारी मशीनों की मदद से मलबे को हटाया गया, जिसके बाद सात शवों को बाहर निकाला गया.
प्रशासन ने मृतकों की पहचान शिवशंकर, परमेश्वर मेहता, मंगल मेहता, भागीरथ गोप, सतीश, संजीव गोप और धनंजय मेहता के रूप में की है.
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल भेजा गया है. घायल मजदूरों का उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम सभी श्रमिक बेसमेंट में खोदाई के दौरान मिट्टी हटा रहे थे, तभी अचानक भर-भराकर पड़ोस की मिट्टी की दीवार ढह गई. इसमें 11 श्रमिक दब गए. वहीं, कुछ मजदूर भागने में सफल हुए, तो कुछ को तुरंत बाहर निकाल लिया गया. लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना बिलासपुर पुलिस को दी.
