धनबादः झारखंड में जमशेदपुर पश्चिम से जदयू के विधायक सरयू राय के एक बयान से राजनीतिक हलचल बढ़ी है. उन्होंने कहा है कि हेमंत सोरेन कांग्रेस और भाजपा के बिना सरकार बनाएं, तो वे समथर्न देंगे.
सरयू राय झारखंड में जदयू के अकेले विधायक हैं. शुक्रवार को सरयू राय धनबाद के सोनारडीह में भूधंसान का जायजा लेने पहुंचे थे.
इस दौरान संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन चाहें, तो बिना भाजपा- कांग्रेस के सरकार बना सकते हैं. झामुमो, राजद, माले सहित अन्य की मदद से बहुमत का आंक़ड़ा जुटा सकता है.
उन्होंने कहा कि झामुमो- कांग्रेस के बीच इन दिनों बेहतर संबंध नहीं हैं. झामुमो को कांग्रेस अन्य राज्यों में चुनाव में हिस्सा नहीं दे रही है. यही वजह है कि झामुमो असम में चुनाव लड़ रहा है. इसलिए चुनाव बाद झारखंड में भी सियासी हलचल के संकेत हैं.
गौरतलब है कि झारखंड में झामुमो की अगुवाई में चल रही सरकार में कांग्रेस, राजद और माले का गठबंधन है. इन दलों के पास 56 विधायक हैं. इनमें कांग्रेस के 16, राजद के 4 और माले के 2 विधायक हैं. हालांकि माले, सरकार को समर्थन देने के बाद भी मंत्रिमंडल में शामिल होने से अलग है.
झामुमो के पास 34 विधायक हैं. जबकि जदयू एनडीए का घटक है. सरयू राय की सीट भाजपा ने जदयू के लिए छोड़ी थी.
