रांचीः झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार की सुबह दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल, झारखंड एटीएस (आतंकवाद निरोधी दस्ता) और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है.
यह गिरफ्तारी बुधवार की सुबह लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तबारक लॉज से हुई है. संदिग्ध आतंकी की पहचान असहर दानिश के रूप में हुई है.
उसके ISIS से जुड़े होने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने शिकंजा कसा है. स्पेशल सेल ने उसके पास से एक देशी कट्टा, एक गोली समेत से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रासानियक पदार्थ आदि जब्त किए हैं.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल संदिग्ध आंतकी को अपने साथ रिमांड पर दिल्ली ले जाने की तैयारी में है. इसके लिए उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.
इसके अलावा दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस ने पलामू में भी छापेमारी कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
रांची के पकड़ा गया असहर दानिश मूल रूप से बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है.
दिल्ली में उसके खिलाफ दर्ज एक मामले के आधार पर दिल्ली स्पेशल सेल लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारी संभव हो पाई.
संदिग्ध आतंकी से गहन पूछताछ जारी है. इस पूछताछ से और भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की संभावना है, जिससे उसके नेटवर्क और गतिविधियों का पता लगाया जा सके.
