रांचीः तदाशा मिश्रा को झारखंड का नया प्रभारी डीजीपी बनाया गया है. इस बाबत गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है.
झारखंड कैडर के 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा वर्तमान में झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं.
इससे पहले सरकार ने पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है. इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गयी है.
अधिसूचना के मुताबिक अनुराग गुप्ता को दिनांक 6.11.2025 के प्रभाव से सेवानिवृत मानते हुए उन्हें सेवानिवृति उपरांत सभी मान्य देय होगा.
इसके साथ ही उनके इस्तीफे को लेकर जारी कई किस्म की अटकलों को विराम लगा है.
अनुराग गुप्ता ने दो दिन पहले स्वैच्छिक सेवानिवृति का पत्र सरकार को दिया था.
तदाशा मिश्रा का रिटायरमेंट दिसंबर 2025 में होगा. विशेष सचिव से पहले वे रेल एडीजी का पद संभाल रही थीं. पुलिस महकमा में वे कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवा दे चुकी हैं.
वे रांची की सिटी एसपी का पद भी संभाल चुकी हैं.
