बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बनने वाले बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के तारिक़ रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने भारत के साथ संबंधों पर महत्वपूर्ण प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हुमायूं कबीर ने कहा, “भारत के साथ अपने रिश्ते को बांग्लादेश फिर से ठीक करना चाहता है. यह भारत की ज़िम्मेदारी है कि वह बदली हुई सच्चाई को पहचाने.”
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा है कि ‘जब शेख़ हसीना सत्ता से हटा दी गई हैं और उनकी अवामी लीग पार्टी सत्ता में नहीं है, तो बांग्लादेश भारत के साथ रिश्ते को नए सिरे से ठीक करना चाहता है.’
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि दोनों देशों को “आपसी फ़ायदे” के लिए मिलकर काम करना चाहिए.
संसदीय चुनावों में दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारिक़ रहमान ने शनिवार को कहा था कि उनकी विदेश नीति बांग्लादेश और बांग्लादेश की जनता के हितों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी.
गौरतलब है बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) ने शुक्रवार को ऐतिहासिक संसदीय चुनावों में दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल के साथ दो दशकों के अंतराल के बाद सत्ता में शानदार वापसी की है
13वें संसदीय चुनाव ऐसे समय में हुए हैं, जब देश उथल-पुथल भरी राजनीतिक शून्यता, अस्थिरता और सुरक्षा की नाजुक स्थिति से गुजर रहा है.
देश में पिछले साल अगस्त में छात्रों के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद अल्पसंख्यकों पर व्यापक पैमाने पर हमले हुए हैं। छात्रों के विरोध प्रदर्शनों के कारण अगस्त 2024 में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को 15 साल के शासन के बाद अपदस्थ होना पड़ा था.
बीएनपी के शीर्ष नेता तारिक रहमान पहली बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं. वह अंतरिम सरकार के मुखिया नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस का स्थान लेंगे. यूनुस के कार्यकाल में बांग्लादेश और भारत के बीच रिश्तों में काफी गिरावट आई है.
