ई-मेल के जरिए अलग-अलग दिनों में रांची समेत झारखंड के कई सिविल कोर्ट, सरकारी कार्यालय, रांची पासपोर्ट ऑफिस के अलावा देश के विभिन्न राज्यों में स्थित संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शख्स को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
गिरफ्तार श्रीनिवास लुकस को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार किया गया है. उसके ठिकाने से एक लैपटॉप भी बरामद किया गया है. पुलिस लैपटॉप को फिलहाल खंगाल रही है.
दिल्ली पुलिस की तकनीकी और साइबर टीम ने डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए आरोपी के लोकेशन का पता किया. इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया.
आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलने के बाद रांची पुलिस एक टीम दिल्ली भेजने की तैयारी कर रही है. रांची पुलिस उसे रिमांड पर ले सकती है.
खबरों के मुताबिक श्रीनिवास लुकस ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह झारखंड के रांची, धनबाद, समेत देश के अलग-अलग कोर्ट और महत्वपूर्ण कार्यालयों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी देता रहा है. उसने ई-मेल और कॉल के जरिए कम से कम 1100 धमकियां दी है.
पुलिस को उसकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं लग रही. लिहाजा पुलिस चिकित्सकीय जांच के साथ विशेषज्ञों से भी परामर्श लेने की तैयारी चल रही है.
