रांचीः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने गुरुवार को चितरपुर,रामगढ़ में लापता बच्चों का सुराग पुलिस को बचाने वाले स्थानीय युवकों को सम्मानित किया.
उन्होंने कहा कि स्थानीय युवकों की तत्परता से दोनों मासूम बच्चों का सुराग पुलिस को मिला और उनकी सकुशल बरामदगी की जा सकी. इसलिए पुलिस को बच्चों की सूचना देने पर रखे दो-दो लाख रुपए इनाम की राशि इन युवकों को दिया जाना चाहिए.
इधर रांची में एक प्रेस काफ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सचिन प्रजापति, ,डब्लू साहू और सन्नी को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाए.
मरांडी ने धुर्वा से अपहृत बच्चों की बरामदगी पर कहा कि झारखंड पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है. हटिया डीएसपी पटाखे फोड़ रहे हैं. डीजीपी ने बच्चों की बरामदगी के बाद सीडब्लूसी नहीं भेजकर अपने पास बिठाकर प्रेसवार्ता कर रही हैं.
उन्होंने कहा कि 2 जनवरी से 8 जनवरी तक लापता बच्चे धुर्वा, हटिया में थे, लेकिन पुलिस का खुफिया तंत्र टोह लेने में विफल रहा. बाद में मीडिया और राजनीतिक दबाव में बातें फैली. सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी प्रयास किया, जिसका परिणाम है कि बच्चे सकुशल वापस आ गए.
उन्होंने कहा कि घोषित इनाम की राशि सामाजिक कार्यकर्ता सचिन प्रजापति डब्लू साहू, सन्नी को मिलनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि पुलिस अधिकारी अपनी प्रशंसा में और रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए इनाम को अपने खाते में डालेंगे. अगर ऐसा हुआ तो भाजपा विरोध करेगी. उन्होंने कहा कि पुलिस सक्रिय होती तो राज्य के 413बच्चे अभी तक लापता नहीं रहते.
गौरतलब है कि दो जनवरी को रांची के मसीबाड़ी इलाके से पांच साल के अंश और चार साल की अंशिका (दोनों भाई-बहन) लापतो हो गए थे. 13 जनवरी को पुलिस ने उन्हें रामगढ़ जिले के चितरपुर इलाके से बरामद किया है. बच्चों का अपहरण करने वाले तस्करी गिरोह से जुड़ो दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है.
चितरपुर के इन युवकों ने पहले पुलिस को सूचना दी थी कि दोनों बच्चों को एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने अमुक जगह पर रखा है.
