धनबादः लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (LBSNAA), मसूरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 2025 बैच के 10 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी धनबाद दौरे पर आए हैं.
स्टडी टूर पर आए प्रशिक्षु अधिकारियों ने जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, खनन क्षेत्र के कार्यों, समस्या और पुनर्वास योजना की जानकारी ली. वे क्षेत्र भ्रमण पर भी गए.
इससे पहले प्रशिक्षु अधिकारियों ने धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात की.
उपायुक्त ने उन्हें सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं के अलावा जिले में चल रहे कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इसके साथ ही प्रशासनिक कामकाज को लेकर व्यवस्था से उन्हें अवगत कराया.
इसके बाद जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा के साथ प्रशिक्षु अधिकारी क्षेत्र भ्रमण पर गए. इस दौरान उन्होंने झरिया पुनर्वास योजना के तहत विकसित बेलगड़िया टाउनशिप का दौरा किया और विस्थापित परिवारों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं व पुनर्वास व्यवस्था को देखा.
प्रशिक्षु अफसरों ने बीसीसीएल के ब्लॉक-2 स्थित ओपन कास्ट प्रोजेक्ट, मुनिडीह अंडरग्राउंड माइंस तथा एना फायर प्रोजेक्ट का भ्रमण किया. यहां उन्होंने कोयला उत्खनन की आधुनिक तकनीकों, खदान सुरक्षा व्यवस्था तथा खदानों में लगने वाली आग के प्रबंधन के अलावा सुरक्षात्मक प्रणाली की प्रक्रिया को समझा.
टीम का नेतृत्व ग्रुप लीडर सिद्धार्थ सिंह और सहायक ग्रुप लीडर आकाश गर्ग कर रहे हैं. टीम में शोभिका पाठक, ताशी तेनजिन, पेलना वांगचुग, पवित्रा पी, माधव अग्रवाल, दिव्यांक गुप्ता, दीपक कुमार और सोनम नोरबू शामिल हैं.
