खूंटीः पड़हा राजा और अखिल भारतीय झारखंड पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सोमा मुंडा की हत्या में गुरुवार को खूंटी बंद है. बंद का शहरी और ग्रामीण इलाकों में व्यापक असर देखने को मिल रहा है. आदिवासी संगठनों के लोग जुलूस की शक्ल में जगह-जगह सड़कों पर उतरे हैं. कई जगह सड़क जाम कर दिया गया है.
आदिवासी समन्वय समिति के आह्वान पर बुलाए गए बंद के दौरान समथर्कों ने मुरहू में बाइक रैली निकाल कर आक्रोश प्रकट किया है. सभी समर्थकों के हाथों मं लाठी लेकर निकले हैं. सोमा मुंडा के समर्थक अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
उधर सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में लोधामा-कर्रा रोड रिंग रोड ब्रिज सीठियो मे रोड जाम कर दिया गया है . हत्या के खिलाफ ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा जा रहा है.
पड़हा राजा नमन होरो ने एक बयान जारी कर कहा है कि सोमा मुंडा हत्या आदिवासी समाज, उसकी परंपरा और स्वशासन पर सीधा हमला है. यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज की अस्मिता को दी गई चुनौती है. गुरुवार को पड़हा बाजार जलंगा गोविन्दपुर बंद रहेगा.
एदेल संगा पड़हा के राजा सोमा मुंडा चलागी हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक भी थे. बुधवार की शाम वे खूंटी से अपने गांव लोट रहे थे. रास्ते में जामुदाग के पास अज्ञात अपराधकर्मियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी है.
अभी उनका शव पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल लाया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं. उधर खूंटी पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है.
