लातेहारः झारखंड जनमुक्ति परिषद से जुड़े दो उग्रवादियों ने बुधवार को पुलिस के सामने सरेंडर किया है.
जेजेएमपी के पांच लाख रुपये का इनामी सब जोनल कमांडर ब्रजेश यादव उर्फ राकेश (विशुनपुर, गुमला) तथा एरिया कमांडर अवधेश लोहरा उर्फ रोहित लोहरा (हेरंहज, लातेहार) ने पलामू आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा तथा पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के समक्ष आत्मसमर्पण किया.
इस मौके पर सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट राजेश सिंह और सीआरपीएफ के कमांडेंट यादराम बुनकर भी मौजूद थे. पुलिस अधिकारियों ने ने दोनों उग्रवादियों का समाज की मुख्यधारा में लौटने पर स्वागत किया. ब्रजेश यादव गुमला का रहने वाला है, जबकि अवधेश लातेहार के हेरहंज का रहने वाला है.
सरेंडर करने पर इनामी ब्रजेश यादव को पांच लाख रुपये का चेक भी सौंपा गया है.
मौके पर आइजी शैलेंद्र सिन्हा ने कहा कि दोनों उग्रवादियों ने सरकार की आत्मसमर्पण नीति नयी दिशा से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है.
लातेहार जिले के एसपी गौरव ने दावा किया है कि जिले में नक्सलवाद और उग्रवाद पूरी तरह समाप्ति की ओर है. उन्होंने कहा कि जिले में जो नक्सली और उग्रवादी बच गये हैं या तो आत्मसमर्पण कर दें अन्यथा पुलिस की गोली खाने के लिए तैयार रहे.
सब जोनल कमांडर ब्रजेश यादव और अवधेश लोहरा पर अलग-अलग जिलों के थानों में कुल 15 मामले दर्ज है़ं.
