उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में एक नाव पर इफ़्तार पार्टी के दौरान कथित तौर पर मांस खाने और हड्डियां नदी में फेंकने के आरोप में 14 युवकों को गिरफ़्तार किया गया है.
वाराणसी के कोतवाली थाने को सोमवार को मिली एक शिकायत के आधार पर एक अज्ञात के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है.
ये शिकायत वाराणसी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने की थी.
एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया, “सोमवार 16 मार्च को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कुछ लोग मां गंगा के पवित्र जल में एक बोट में इफ़्तार पार्टी करते नज़र आ रहे हैं. इस वीडियो में कुछ ऐसा लग रहा है कि चिकन बिरयानी का सेवन किया जा रहा है.”
इस मामले में एफ़आईआर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धार्मिक स्थलों में बाधा डालने, विभाजनकारी और सरकारी आदेश की अवहेलना से जुड़ीं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की 298, 299, 196 (1) (बी), 270, 279, 223 (बी) से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज की गई है.
इस मामले में जल (प्रदूषण का निवारण और नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 को भी जोड़ा गया है.
