रांचीः खरसावां से झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दशरथ गगराई के छोटे भाई विजय गगराई ने शुक्रवार को रांची में भारतीय जानता पार्टी का दामन थाम लिया.
बीजेपी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विजय गगराई को बीजेपी की सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया.
गौरतलब है कि इससे पहले विजय गगराई ने झामुमो की सदस्यता ली थी. उसके बाद चक्रधरपुर से झामुमो की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया थ. तब वे विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़े, लेकिन हार गए.
बीजेपी में शामिल होने के बाद वे चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं. उनके निकाय चुनाव लड़ने को लेकर पहले से चर्चा होती रही है.
बीजेपी में शामिल होने के बाद विजय सिंह गगराई ने पार्टी नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सच्चे सिपाही के रूप में पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को वे धरातल पर उतारने केलिए संकल्पित हैं. पार्टी जो जिम्मेवारी देगी उसे सहर्ष पूरा करेंगे.
गगराई के साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में सुशांत मंडल, हीरालाल खंडाइत , ललित ठाकुर,हारून मेलगांडी, बेसरा पूर्ति,विजय नाग, राजेंद्र मेलगांडी, रामू महतो, मार्कस गगराई, वीरसिंह हांसदा, राकेश जोंकों सहित कई लोग लोग शामिल हुए.
