रांचीः झारखंड के कारोबारी और नेक्सजेन के संचालक विनय सिंह को हजारीबाग में वन भूमि घोटाले से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत की सुविधा मिली है.
इस बीच एक दूसरे मामले में रांची पुलिस ने विनय सिंह को पांच दिनों की रिमांड पर लिया है. जगन्नाथपुर थाना में उनके खिलाफ कंपनी हड़पने और धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की जाएगी.
गौरतलब है कि एंटी करप्शन ब्यूरो ने हजारीबाग में हुए वन भूमि घोटाले में विनय सिंह को गिरफ्तार किया था. अभी वे हजारीबाग जेल में बंद हैं.
विनय सिंह नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक हैं. रांची समेत झारखंड के की शहरों में उनके शो रूम हैं.
जांच एजेंसी के मुताबिक, जिस भूमि को लेकर कांड संख्या 11/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है, वह विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह के नाम है.
पिछले दिनों विनय सिंह की जमानत याचिका खारिज करते हुए झारखंड हाइकोर्ट ने यह कहा था कि जांच एजेंसी के पास विनय सिंह के विरुद्ध प्रथम दृष्टया ठोस सबूत हैं.
धोखाधड़ी के मामले में
रांची के जगन्नाथपुर थाने में कांड संख्या 458/2025 में निलंबित आईएएस विनय चौबे के अलावा उनके नजदीकी व्यवसायी विनय सिंह सहित कुल सात लोगों पर धोखाधड़ी कर एक कंपनी को हड़पने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इस केस में विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह के अलावा अरविंद वर्मा, विशाल सिंह, राजेश कुमार सिन्हा और राजीव कुमार झा को भी आरोपी बनाया गया है.
इसी केस में पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लिया है.
