पलामूः पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के कुसड़ी गांव में कथित तौपर जादू-टोना के शक में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के आरोप में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया है कि गिरफ्तार आरोपियों में रविंद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां शामिल है. दोनों आरोपी सहोदर भाई हैं.
एक फरवरी को पलामू के पांकी थाना क्षेत्र के आसेहर के कुसड़ी गांव में अंधविश्वास में विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और उनके बेटे छोटू कुमार की टांगी एवं धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. जबकि हमले में विजय भुईयां की बहू और पोती गंभीर रूप से जख्मी हो गई थीं. फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है.
एसपी ने बताया कि आरोपी रविंद्र भुईयां को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रमोद भुईयां को पांकी थाना क्षेत्र के इमली चौक से गिरफ्तार किया गया. प्रमोद भुईयां भागने की फिराक में था.
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टांगी और चाकू को बरामद कर लिया है. . एसपी ने बताया कि मृतक की पोती का दंडाधिकारी की मौजूदगी में फर्द बयान लिया गया था.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महेशी भुईयां 62 वर्ष के थे और उनकी सामान्य मौत हुई थी, लेकिन उनके दोनों बेटे को शक था कि जादू-टोना के कारण महेशी की मौत हुई है. उसी शक में आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया.
