रांचीः शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम ने वार्ड संख्या-16 अंतर्गत पथलकुदवा रोड, गुदरी चौक के निकट नगर निगम की जमीन पर संचालित अवैध बूचढ़खाने का कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई की.
नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में काफी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतरे और बवाल काटा. कई पार्षद भी धरना प्रदर्शन में शामिल दिखे.
नगर निगम के स्वामित्व वाली लगभग 19.3 डिसमिल जमीन पर पूर्व में भी अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा था, जिसे हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया था. इसके बाद फिर कब्जा कर लिया गया.
नगर निगम ने एक बयान जारी कर बताया है कि उक्त निगम भूमि का उपयोग स्थानीय नागरिकों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक भवन एवं अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर(हेल्थ सेंटर) के निर्माण के लिए प्रस्तावित है. इन सुविधाओं के विकसित होने से क्षेत्रवासियों को सामुदायिक आयोजनों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधा के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी प्राथमिक सेवाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी.
सरकारी कार्य में बाधा बर्दाश्त नहीं
निगम ने कहा है कि अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान कुछ व्यक्तियों द्वारा निजी हित एवं अवैध वसूली से जुड़े स्वार्थों के कारण स्थानीय लोगों को भ्रमित कर सरकारी कार्रवाई का विरोध करने तथा सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया गया. मौके पर विधि-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई को अगले आदेश तक स्थगित किया गया। स्थिति सामान्य होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
राँची नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उक्त भूमि निगम की सार्वजनिक संपत्ति है तथा इसका उपयोग निजी अथवा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता. भूमि को अतिक्रमणमुक्त किए जाने के पश्चात अब इसे जनहित में उपयोगी एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं के लिए विकसित करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
इसके साथ ही निगम द्वारा स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें तथा जनहित में प्रस्तावित विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करें.
