बेरमोः सीसीएल कथारा एरिया की गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को धनबाद सीबीआई की टीम ने छापेमारी कर सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान के नाम पर 18 हजार रुपये रिश्वत लेते दो डीलिंग क्लर्क को गिरफ्तार किया है.
धनबाद सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने यह कार्रवाई करते हुए सीएमपीएफ डीलिंग क्लर्क मेघलाल महतो और पेंशन डीलिंग क्लर्क मोहम्मद इम्तियाज को गिरफ्तार किया है.
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई की टीम अपने साथ ले गयी.
जानकारी के मुताबिक सेवानिवृत्त कर्मी रसूल जमा की शिकायत पर सीबीआई की टीम ने शिकंजा कसा है. दरअसल, सेवानिवृत्त कर्मचारी के सीएमपीएफ और पेंशन की राशि के भुगतान से जुड़ा है.
परियोजना के सर्वे विभाग में कार्यरत जनता नगर निवासी रसूल जमा करीब सात माह पहले सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे. सेवानिवृत्ति के कई महीने बीत जाने के बाद भी उनका सीएमपीएफ और पेंशन भुगतान लंबित था. रिश्वत की मांग से परेशान होकर रसूल जमा ने मामले की शिकायत धनबाद सीबीआई से की.
