रांचीः गोड्डा में हुए सूर्या हांसदा एनकाउंटर की सीबीआइ जांच की मांग और रिम्स टू के लिए रैयतों, आदिवासियों की जमीन अधिग्रहण के विरोध में झारखंड बीजेपी ने गुरुवार को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन किया. रांची में भी बीजेपी ने जुलूस निकाला.
रांची के जुलूस का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय और रांची के विधायक सीपी सिंह कर रहे थे. उधर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, चंपाई सोरेन ,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू सहित वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन का नेतृत्व किया.
रांची महानगर और जिला द्वारा आयोजित प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अबुआ सरकार में आदिवासियों की हत्या और रैयतों के खेतिहर जमीन की लूट हो रही है.
उन्होंने कहा कि हांसदा एक राजनीतिक सामाजिक कार्यकर्ता थे. चार बार लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़े. उनके ऊपर दर्ज मुकदमों से वे बरी होते जा रहे थे. 300 से अधिक गरीब बेसहारा बच्चों को पढ़ाते थे, उनके आवास भोजन की व्यवस्था करते थे. लेकिन एक साजिश के तहत उनकी हत्या कर दी गई और पुलिस इसे एनकाउंटर का शक्ल दे रही है.
उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा खान-खनिज की बड़े पैमाने पर हो रही लूट का विरोध करने के कारण माफिया बिचौलियों के आंख की किरकिरी बन गए थे.
रघुवर दास ने कहा है, “पुलिस के बयान में कहा गया कि 40-50 लोगों के दस्ते ने हमला कर दिया था। मेरा सवाल है कि केवल सूर्या हांसदा जी को गोली लगी. दूसरा- आज तक पुलिस किसी और की शिनाख्त नहीं कर पाई है. इससे ज्यादा इसके फर्जी होने का क्या प्रमाण होगा. सूर्या हांसदा की माता और पत्नी ने इसकी CBI जांच की मांग की है. मैं भी इसकी CBI जांच की मांग करता हूं.”
