बोकारोः एंटी करपशन ब्यूरो की टीम ने बोकारो जिले के कसमार ब्लॉक में मनरेगा की योजना में पांच हजार रुपये घूस लेते हुए दो कनीय अभियंताओं को गिरफ्तार किया गया है. धनबाद एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई की है. आरोपियों का नाम आशीष कुमार और राजीव रंजन है.
एसीबी के पुलिस अधीक्षक सहदेव साहू ने बताया है कि आरोपी इंजीनियर मनरेगा योजना की एक लाभुक हलीमा खातून से अक्सर रिश्वत की मांग करते थे.
इसकी शिकायत मिलने के बाद धनबाद एसीबी ने तहकीकात की. जांच में मामला सही पाया गया. इसके बाद यह कार्रवाई की गई.
कसमार प्रखंड की हलीमा खातून को पिछले साल मनरेगा के तहत आम बागवानी योजना का लाभ मिला था. यह योजना पांच वर्ष की है. एक एकड़ में 112 पौधे लगाकर इस योजना की शुरुआत की गयी थी. साफ-सफाई और सिंचाई समेत अन्य कार्यों के लिए मजदूर लगाए जाते हैं.
मजदूरी भुगतान के लिए कसमार प्रखंड से हर साल पैसे का भुगतान किया जाता है. इसी भुगतान के लिए कनीय अभियंता उन्हें रिश्वत देने के लिए परेशान कर रहे थे.
