बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रचार जोर पकड़ रहा है. साथ ही नेताओं में बयानबाजी की जंग छिड़ी है. इसी सिलसिले में शनिवार को केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने एक बार फिर से बिहार में मुस्लिम मुख्यमंत्री के मामले को हवा देने की कोशिश की.
उन्होंने शनिवार को एक पोस्ट में दावा किया कि 2005 में लालू यादव की वजह से बिहार में मुस्लिम नेता मुख्यमंत्री नहीं बन पाया था.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “2005 में मेरे नेता मेरे पिता रामविलास पासवान ने मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने के लिए अपनी पार्टी तक कुर्बान कर दी थी – तब भी आपने उनका साथ नहीं दिया. राजद 2005 में भी मुस्लिम मुख्यमंत्री के लिए तैयार नहीं था, आज 2025 में भी न मुस्लिम मुख्यमंत्री देने को तैयार है, न उपमुख्यमंत्री! अगर आप बंधुआ वोट बैंक बनकर रहेंगे, तो सम्मान और भागीदारी कैसे मिलेगी?”
चिराग के इस बयान पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है. चुनाव प्रचार करके देर शाम पटना लौटे कहा कि चिराग सत्ता के लिए कुछ भी करेंगे.
तेजस्वी ने कहा “चिराग क्या कहते हैं इससे बिहार में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है. चिराग उनके साथ खड़े हैं, जिन्होंने उनके पिता की मूर्ती को तोड़वाया, उनके बंगले में आग लगवायी. पार्टी को दो फाड़ कर दिया. इसके बावजूद वे उन्हीं (बीजेपी) के साथ खड़े हैं.”
