रांचीः घाटशिला उपचुनाव से ठीक पहले पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) सह प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ चक्रवर्ती समेत कई पदाधिकारियों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की.
मुख्यमंत्री और जेएमएम के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने सभी नेताओं का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया. इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी एवं जिला परिषद अध्यक्षा बारी मुर्मू मौजूद थे.
घाटशिला उपचुनाव से ठीक पहले इस पालाबदल को अहम माना जा रहा है. साथ ही इसे जेएमएम की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.
जेएमएम में शामिल होने वालों में घाटशिला भाजपा मंडल अध्यक्ष कौशिक सिन्हा, मुसाबनी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष तुषार पात्रों, भाजपा के मीडिया प्रभारी सुरेश महाली तथा जमशेदपुर के जंबू अखाड़ा के अध्यक्ष बंटी सिंह सहित कई अन्य शामिल हैं.
बीजेपी ने निष्कासित किया
इस बीच पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बीजेपी ने पूर्वी सिंहभूम जिला के पूर्व जिला अध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती सहित अन्य को निष्कासित करने का पत्र जारी किया है.
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने यह कार्रवाई की है.
पार्टी ने घाटशिला उपचुनाव प्रचार में इन नेताओं की गतिविधियों को पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ पाया है.
निष्कासित किए जाने वाले नेताओं में पूर्वी सिंहभूम जिला के पूर्व जिलाध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा,पूर्व मंडल अध्यक्ष तुषारकांत और सक्रिय कार्यकर्ता सुरेश महली शामिल हैं.
