पलामू: जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोची स्थित छठ घाट से 14 वर्षीय एक नाबालिग लड़के के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया है कि जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें एक मृतक का चचेरा बहनोई अमित यादव और दूसरा चचेरा भाई संदीप यादव है.
क्यों कर दी हत्या
एसपी ने बताया कि पंकज यादव की गला घोंटकर हत्या की गई. अपहरण के बाद दोनों ने अपहृत पंकज यादव की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया.
तकनीकी जांच और कई अन्य बिंदुओं पर पूछताछ के बाद पुलिस ने पलामू के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के तितलंगी निवासी अमित यादव और संदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया.
दोनों की निशानदेही पर शव भी बरामद कर लिया गया. पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि अमित यादव का एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था और पंकज यादव ने उसे आपत्तिजनक हालत में देख लिया था. जबकि उसका चचेरा भाई संदीप यादव जमीन विवाद का बदला लेना चाहता था. दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची. इसके बाद छठ घाट से ही लड़के को अपहृत किया गया और हत्या की घटना को अंजाम दिया.
पुलिस अधिकारी ने इस मामले में जांच के लिए एसआइटी गठित की थी. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और चार मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं.
