रांचीः झारखंड की नवनियुक्त प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को पदभार संभाल लिया है. पदभार संभालने के बाद उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. यह उनकी शिष्टाचार भेंट थी.
उधर पुलिस मुख्यालय में उन्होंने अधिकारियों के साथ कामकाज की जानकारी ली.
पदभार ग्रहण करने के बाद तदाशा मिश्रा ने मीडिया को अपनी प्राथमिकताएं बताईं. उन्होंने कहा कि उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता महिला सुरक्षा और अपराध पर लगाम लगाना होगा.
इसके साथ ही, उग्रवाद पर नियंत्रण और राज्य में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना भी उनकी विशेष प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
1994 बैच की आईपीएस अधिकारी तदाशा मिश्रा वर्तमान में झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं. गुरुवार को उन्हें प्रभारी डीजीपी बनाने संबंधित अधिसूचना जारी की गयी थी.
इससे पहले अनुराग गुप्ता के स्वैच्छिक सेवानिवृति के पत्र को सरकार ने स्वीकार कर लिया है.
तदाशा मिश्रा का रिटायरमेंट दिसंबर 2025 में होगा.
