रांचीः रन फॉर झारखंड के साथ स्थापना दिवस समारोह मंगलवार से शुरू हो गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रन फॉर झारखंड में शामिल हुए. झारखंड के अलग राज्य बने 25 साल हो गए हैं. स्थापना दिवस समारोह को लेकर पूरे राज्य में रजत जयंती वर्ष का भव्य आयोजन किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में झारखंड की तरक्की के लिए आयोजित की गई इस दौड़ में हजारों युवाओं ने भाग लिया. दौड़ का आयोजन मोरहाबादी मैदान से लेकर सैनिक मार्केट तक किया गया.
हेमंत सोरेन ने झारखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह को लेकर पूरे राज्यवासियों को बधाई दी. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमें राज्य को तरक्की के रास्ते पर ले जाना है जिसके लिए वे सभी मिलकर काम कर रहे हैं.

हेमंत सोरेन ने क्या कहा
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं जिनके लंबे संघर्ष, कुर्बानी और शहादत से इस राज्य की पहचान बनी है। झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है. “रन फॉर झारखंड” के माध्यम से हम राज्य के प्रति अपनत्व, एकता और विकास की भावना को मजबूती देना चाहते हैं. राज्य स्थापना की यह रजत जयंती 15 नवम्बर को पूरे उत्सवपूर्ण माहौल में मनाई जाएगी।
गौरतलब है कि स्थापना दिवस समारोह का आयोजन राजधानी रांची से लेकर सभी जिला मुख्यालयों में अलग-अलग कार्यक्रम किए जाएंगे. 15 नवंबर को रांची स्थित मोराबादी मैदान में मुख्य समारोह का आयोजन होगा.
इन आयोजन के तहत रांची में 11 से 16 नवंबर तक विविध कार्यक्रमों की श्रृखंला शुरू हो रही है. पारंपरिक नृत्य, साइकिल रैली और सांस्कृतिक उत्सव सरीखे कार्यक्रमों को लेकर व्यापक तैयारियां की गयी हैं. रन फॉर झारखंड के साथ उत्सव की शुरुआत हो चुकी है.
मोराबादी मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम को लेकर पूरे शहर को सजाने-संवारने का काम तेजी से हो रहा है.
गौरतलब है कि 15 नवंबर 2000 को झारखंड अलग राज्य का गठन हुआ था.
