रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा सीडीपीओ और फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) के लिए ली गयी प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम एक साल से लटका पडा है. थर हार कर अभ्यर्थी आयोग के कार्यालय के सामने आंदोलन करने पहुंचे
रांची में आयोग कार्यालय के सामने सोमवार की सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जुटे और शांतिपूर्ण ढंग से धरना देकर रिजल्ट जारी करने की मांग करते रहे.
अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आयोग की ओर से न तो परिणाम जारी किया गया है और न ही किसी निश्चित समयसीमा की घोषणा की गई है. इससे उम्मीदवारों में निराशा और असंतोष है.
छात्रों ने कहा कि तैयारी, पैसे और समय लगाने के बावजूद लगातार अनिश्चितता बनी हुई है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है.
आंदोलन की अगुवाई करने पहुंचे और जेपीएससी की लंबित परीक्षा, रिजल्ट को लेकर लंबे समय से आवाज उटाते रहे सत्यनारायण शुक्ला का कहना है, “हमारी मांग बहुत सरल है. एफएसओ और सीडीपीओ का रिज़ल्ट जल्द से जल्द जारी किया जाए. एग्जाम को हुए 12 महीने से ज्यादा हो गए, लेकिन आयोग से स्पष्ट सूचना भी नहीं दी जा रही है कि आखिर कब तक रिजल्ट प्रकाशित होगा. कब इंटरव्यू होगा. आज शांतपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. आगे आंदोलन तेज हो सकता है.”
अभ्यर्थी ये सवाल भी खड़े कर रहे हैं कि जब परीक्षा ले ली गई, आंसरशीट तैयार हो गई और मूल्यांकन कार्य भी पूरा बताया जा चुका है तो फिर रिजल्ट जारी करने में इतनी देरी क्यों हो रही है? छात्रों ने आरोप लगाया कि आयोग की कार्यशैली पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है और इस देरी से अभ्यर्थियों की उम्र निकली जा रही है.
.छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल दोपहर में जेपीएससी के अधिकारियों से मिलकर अपनी पीडा बतायी. बैठक के बाद शुक्ला ने बताया कि आयोग ने उन्हें आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा. हालांकि अभ्यर्थियों ने कहा कि यह आश्वासन उन्हें पहले भी कई बार दिया जा चुका है, लेकिन परिणाम अब तक घोषित नहीं हुआ.
