रांचीः सरदार वल्लभाई पटेल की 15वीं जयंती के मौके पर शुक्रवार को रांची में राज भवन के मुख्य द्वार से ओटीसी ग्राउंड तक “सरदार @150 पदयात्रा” (यूनिटी मार्च- एक भारत, आत्मनिर्भर भारत) निकाला गया. इस मार्च में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ भी शामिल हुए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी व आधुनिक भारत के शिल्पकार एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री ‘लौहपुरुष’ भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता और सेवा-भावना का प्रेरक प्रतीक है.
उन्होंने इस पदयात्रा में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल जी ने भारत की 562 रियासतों का विलय कर जिस अखंड भारत की नींव रखी. उनकी अद्वितीय दूरदृष्टि, साहस और राष्ट्रनिष्ठा का उदाहरण है.उनका संदेश सदैव यही रहा है कि “एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है.
उन्होंने कहा कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat द्वारा सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्षगांठ को एक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाना अत्यंत सराहनीय पहल है.
उन्होंने कहा कि देशभर में आयोजित पदयात्राएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध और क्विज़ प्रतियोगिताएँ, “एक था सरदार” पॉडकास्ट तथा राष्ट्रीय रील प्रतियोगिता, ये सभी गतिविधियाँ युवाओं में राष्ट्रभावना को प्रबल करेंगी.
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को हम केवल स्मरण ही न करें, बल्कि उन्हें अपने आचरण, कर्तव्यों और जीवन-मूल्यों में आत्मसात करें. उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के सपनों के सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ.
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस पदयात्रा से प्रेरित होकर हम सभी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के संकल्प को और अधिक दृढ़ करें.
इस अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित सभी लोगों को स्वदेशी अपनाने तथा नशा मुक्ति हेतु शपथ दिलाई.
