रांचीः बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
इसके साथ ही कहा है कि विज्ञापन निकालकर वैसे भुक्तभोगियों से शिकायत मंगाई जाए, जिनको एसआईटी के नाम पर सीआईडी के अधिकारियों ने भयादोहन कर लूटा है.
मरांडी ने यह भी कहा है कि एसआईटी में शामिल रहे अधिकारियों के कार्यकाल और जमीन संबंधित शिकायतों की जांच की समीक्षा की जाए. पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता और उनके परिवार के नाम अर्जित संपत्तियों की भी जांच की जाए.
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया है कि पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता ने सीआईडी में जमीन घोटालों की जांच के लिए बनाई गई एसआईटी का दुरुपयोग किया. एसआईटी के एएसपी दीपक कुमार ने अनुराग गुप्ता के लिए टूलकिट की तरह काम किया. बाबूलाल ने यह भी कहा कि जिनका भयादोहन किया गया, उनको न्याय कैसे मिलेगा. यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी तो आगे ऐसी लूट पर अंकुश कैसे लगेगा?
