रांचीः झारखंड में नेक्सजेन के संचालक विनय सिंह शनिवार को एसीबी की रिमांड पर लिए जाएंगे.
इसके साथ ही जांच एजेंसी एंटी करप्शन ब्यूरो ने रांची के कारोबारी श्रवण जालान और उनके करीबी दुमका निवासी नवीन पटवारी को रांची स्थित एसीबी मुख्यालय में पूछताछ के लिए समन भेजा है.
तीनों कारोबारी शराब और वन भूमि घोटाले के आरोपी आईएस अधिकारी विनय चौबे के करीबी रहे हैं इन पर विनय चौबे के कथित काले धन को निवेश करने का आरोप है.
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जांच कर रही एसीबी ने आठ और नौ दिसंबर को श्रवण जालान और नवीन पटवारी के ठिकाने पर छापेमारी की थी. श्रवण जालान टिंबर और जमीन के धंधे से जुड़े हैं.
गौरतलब है झारखंड के कारोबारी और नेक्सजेन के संचालक विनय सिंह को हजारीबाग में वन भूमि घोटाले से जुड़े मामले में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से जमानत की सुविधा मिली है.
इस बीच एक दूसरे मामले में रांची पुलिस ने विनय सिंह को पांच दिनों की रिमांड पर लिया है. जगन्नाथपुर थाना में उनके खिलाफ कंपनी हड़पने और धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की जाएगी.
गौरतलब है कि एंटी करप्शन ब्यूरो ने हजारीबाग में हुए वन भूमि घोटाले में विनय सिंह को गिरफ्तार किया था. अभी वे हजारीबाग जेल में बंद हैं.
विनय सिंह नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक हैं. रांची समेत झारखंड के की शहरों में उनके शो रूम हैं.
