सरायकेलाः सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने गंभीरता से लिया है. एसपी, रविवार को खुद गम्हरिया थाना पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक हुई जांच की समीक्षा की.
मीडिया से बातचीत में एसपी ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जा रही है. जांच में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी. उन्होंने अधिकारियों से अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली और सभी जरूरी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की.
एसपी ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसपी ने बताया कि मामले में शुरुआती कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है. अब पुलिस की प्राथमिकता घटनास्थल से जुड़े सभी वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाना है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.
वहीं, घटना को लेकर राजनीतिक दलों और आम लोगों में बढ़ते आक्रोश पर एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यवस्था में जरूरी सुधार कर रहा है
प्राथमिकी दर्ज करने में देरी के सवाल पर एसपी ने कहा कि शिकायतकर्ता को शिकायत दर्ज कराने की स्वतंत्रता है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है.
थाने में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पर उन्होंने बताया कि फिलहाल कुछ हिस्सों में कैमरे लगे हुए हैं. निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए थाने के अन्य हिस्सों में भी अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे.
गौरतलब है कि महिला घरेलू विवाद को लेकर कार्रवाई की मांग को लेकर गम्हरिया थाना पहुंची थीं, जहां उनके साथ एक सिपाही ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया. पुलिस ने उस सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि इस मामले में थाना प्रभारी समेत छह लोगों को सस्पेंड किया गया है.
