हजारीबागः जय प्रकाश नारायण केन्द्रीय कारा हजारीबाग से फरार हुए तीन सजायाफ्ता कैदियों को महाराष्ट्र के सोलापुर जिला अंतर्गत करमाला थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है.
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने एक प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी है. 31 दिंसबरी की आधी रात तीनों कैदी क्रमश देवा भुईयों उर्फ देव कुमार भुईयों, राहुल रजवार, जितेन्द्र रवानी जेल के अंदर वार्ड की खिड़की का रॉड काटकर बेडशीट के सहारे नीचे उतरते हुए आंतरिक दीवार फांदकर बाहरी दीवार के रास्ते फरार हो गए थे. तीनों अभियुक्त क्रमशः 20 वर्ष, 27 वर्ष एवं आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे थे.
इस घटना के बाद हजारीबाग के एसपी ने आईपीएस अधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अमित आनन्द के नेतृत्व में एसआटी की तीन गठित की थी.
अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि फरारी के बाद अभियुक्त विभिन्न स्थानों से होते हुए जसीडीह पहुँचे, जहाँ से इस साल के चार जनवरी को जसीडीह–पुणे एक्सप्रेस ट्रेन से महाराष्ट्र गए. पुलिस ने छह जनवरी को सोलापुर जिला अंतर्गत करमाला थाना क्षेत्र के कोरटी स्थित ईंट-भट्ठा से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. उल्लेखनीय है कि हजारीबाग पुलिस ने इससे पहले भी जेल से फरार तीन बांग्लादेशी को 24 घंटे में गिरफ्तार किया था.
