खूंटीः एदेल पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड मामले में खूंटी पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. इन सात लोगों में छह को जेल भेज दिया गया है. एक गिऱफ्तार आरोपी फिलहाल अस्पताल में भर्ती है. जिन सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें पालकोट हाउस किशोरगंज, रांची के देवव्रत नाथ शाहदेव भी शामिल हैं.
खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने शाम में मीडिया को इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी. उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य शूटर समेत अन्य अपराधियों की तलाश जारी है. जमीन विवाद में सोमा मुंडा की हत्या की गई थी. देवव्रत नाथ शाहदेव के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है.
देवव्रत शाहदेव के अलावा जियारप्पा, खूंटी के बाहा मुंडा, अनिश मुंडा, रविया पाहन, रामेश्वर सांगा और जरियागढ़, कर्रा के पंकज कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है.
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि सोमा मुंडा की हत्या का मुख्य कारण जमीन विवाद है. खूंटी सदर थाना क्षेत्र अंतगत जियारप्पा गांव मं 3.16 एकड़ जमीन है. इस जमीन पर पड़हा राजा सोमा मुंडा द्वारा पड़हा मेला लगाया जाता था.
इस बीच कथित भू-माफियाओं के द्वारा 20 से 27 नवम्बर तक जमीन की नापी कराकर समतलीकरण का काम किया गया था. इसके बाद बाउंड्री के लिए नींव खुदाई का काम प्रारंभ किया गया, तो सोमा मुंडा और ग्राम सभा ने उसे रोक दिया.

इस बीच तीन जनवरी को सोमा मुंडा के नेतृत्व मे उक्त भूखंड पर पत्थलगड़ी की गई. इसके बाद साजिश रचकर कथित भू माफियाओं ने साजिश रचकर सोमा मुंडा की हत्या करा दी. पुलिस को मुख्य शूटर समेत और और पांच- छह लोगों की तलाश है. उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी के द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है. बहुत जल्दी उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरप्तार आरोपी इस जमीन के क्रेता को दखल कब्जा दिलाना चाहते थे, जिसमें सोमा बाधक बने थे.
पुलिस को छानबीन में पता चला है कि यह विवादित भूखंड पालकोट राजपरिवार का था, जिसने जमींदार को दिया था. दूसरी ओर उक्त जमीन पर दशकों से गांव के लोग खेती-बारी करते आ रहे थे. यहां पड़हा मेला भी लगता था. अब राजा के वंशज इस जमीन को बेचकर कब्जा दिलाना चाहते थे और ग्रामीण सोमा मुंडा के नेतृत्व में जमीन पर कब्जा नहीं करने देना चाहते थे.
गौरतलब है कि देवव्रत नाथ शाहदेव रांची के कांके में भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड में भी आरोपी हैं.
पिछले सात जनवरी की शाम खूंटी से बाइक पर अपने गांव लौट रहे सोमा मुंडा की दो बाइक सवार अपराधियों ने पिपराटोली-जामुदाग रास्ते में गोली मार कर हत्या कर दी थी.
सोमा मुंडा बिरसा उच्च विद्यालय चलागी के प्राचार्य और अखिल भारतीय झारखंड पार्टी के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष भी थे.
उनकी हत्या के बाद आदिवासी समुदायों और संगठनों में उबाल फूट पड़ा था. हत्या के विरोध में आठ जनवरी को खूंटी बंद रहा था.
