एनसीपी विधायक दल की नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने लोकभवन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की.
उन्हें राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पद की शपथ दिलाई.
लोकभवन में आयोजित शपथ समारोह के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सुनेत्रा पवार ने डिप्टी सीएम पद की जिम्मेदारी संभाली.
शपथ के बाद पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के लिए भावनात्मक और राजनीतिक रूप से अहम क्षण बताया.
इससे पहले, सुनेत्रा पवार के एनसीपी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद पार्टी नेताओं ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। इस बैठक में नेतृत्व परिवर्तन और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई थी.
डिप्टी सीएम अजित पवार का 28 जनवरी को विमान हादसे में निधन हो गया था और उनके निधन के बाद ये पद ख़ाली हुआ था.
एनसीपी नेता अनिल भैदास पाटिल ने कहा कि पार्टी के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि अजित पवार के निधन के बाद संगठन को कैसे संभाला जाए.
उन्होंने कहा कि यह आघात बहुत बड़ा है और सुनेत्रा पवार के लिए इससे उबरना आसान नहीं है, लेकिन पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए किसी को जिम्मेदारी संभालनी ही थी.
शरद पवार की पार्टी के साथ संभावित विलय की चर्चाओं पर अनिल भैदास पाटिल ने कहा कि इस दिशा में अजित पवार की ओर से कुछ प्रयास जरूर चल रहे थे. कुछ नेताओं के बीच बातचीत भी हुई थी, लेकिन किन मुद्दों पर और किस स्तर पर चर्चा हुई, इसका स्पष्ट जवाब अब देना मुश्किल है.
