रांचीः रांची नगर निगम के मेयर पद को लेकर भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने बुधवार को नामांकन दाखिल किय़ा.
नामाकंन से पहले रोशनी खलखो बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ जुलूस के शक्ल में समाहरणालय पहुंचे. जुलूस में रांची से बीजेपी के विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायजसवाल भी मौजूद थे.
रोशनी खलखो वार्ड 21 की पूर्व पार्षद रही हैं. इस बार बीजेपी ने उन्हें मेयर पद के लिए अपना समर्थन दिया है.
नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा, “रांची नगर के विकास के लिए वे संकल्पित हैं. नामांकन यात्रा में उमड़ी भीड़ और खासकर आम जनता की सहभागिता, उत्साह और विश्वास ने मुझमें आगे बढ़ने का ऊर्जा भर दिया है. पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का भी उन्हें आशीर्वाद प्राप्त है. इस चुनाव में रांची एक नया इतिहास रचेगी.”
रोशनी खलखो का सीधा मुकाबला कांग्रेस समर्थित रमा खलखो से होना तय माना जा रहा है. रणनीति के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा ने यहां अब तक किसी उम्मीदवार को समर्थन नहीं दिया है. रमा खलखो रांची निगम की मेयर रह चुकी हैं. अभी वे प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं. आदिवासियों, अल्पसंख्यकों के बीच उनकी पकड़ रही है.
रमा की जीत के लिए कांग्रेस ने कई प्रमुख नेताओं को चुनावी मोर्चा पर लगाया है. इधर सीपी सिंह, रांची के सांसद संजय सेठ के लिए भी नगर निगम के चुनाव में बीजेपी समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चिच कराना प्रतिष्ठा का सवाल बना है.
