वरिष्ठ वैज्ञानिक जीवे के. सुब्रमण्यम ने गुरुवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने स्वनिर्मित अत्याधुनिक कैंसर उपचार मशीन की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी.
उन्होंने बताया कि यह स्वदेशी तकनीक से निर्मित कैंसर उपचार मशीन है. देश- विदेश में इसका इस्तेमाल हो रहा है. इस मशीन से कैंसर जैसी असाध्य बीमारी का उपचार काफी कारगर साबित हो रहा है. मुख्यमंत्री ने इस मशीन को बनाने के लिए सुब्रमण्यम की सराहना की. उन्होंने कहा इससे कैंसर जैसे असाध्य रोग का सफल इलाज संभव हो सकेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाये जा रहे हैँ. अस्पतालों में जांच और इलाज की की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या काफी चिंतित करने वाला है. इस मौके पर विधायक राजेश कच्छप भी मौजूद थे.
वरिष्ठ वैज्ञानिक सुब्रमण्यम पनाशिया लिमिटेड, बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक हैं. वे भारत के पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत एपीजे अब्दुल कलाम के भी सहयोगी रह चुके हैं. उन्होंने उनके साथ मिलकर कई अनुसंधान एवं शोध कार्य भी किए हैं.
