धनबादः अरुण चौहान धनबाद नगर निगम के डिप्टी मेयर पद पर निर्वाचित हुए हैं.
उन्होंने डिप्टी मेयर के चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की.
धनबाद नगर निगम के 55 वार्ड पार्षदों में से 50 ने उनके पक्ष में गुप्त मतदान किया, जबकि उनके सामने खड़ी मेनका सिंह को मात्र पांच पार्षदों का समर्थन मिला.
बुधवार को धनबाद समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन ने धनबाद नगर निगम के मेयर संजीव सिंह और 55 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इसके बाद डिप्टी मेयर का चुनाव कराया गया. शपथ ग्रहण के बाद उप महापौर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए.
संजीव सिंह झरिया से बीजेपी के पूर्व विधायक हैं. उन्होंने मेयर के चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और बीजेपी समर्थक उम्मीदवारों को शिकस्त दी है. उनकी पत्नी रागिनी सिंह अभी झरिया से बीजेपी की विधायक हैं.
राजनीतिक गलियारे में माना जा रहा है कि अरूण चौहान के डिप्टी मेय़र पद पर जीत के लिए भी संजीव सिंह ने रणनीतिक बिसात बिछायी थी.
