लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई खुली बहस की चुनौती को नये सिरे से याद दिलाया है. राहुल गांधी ने कहा है कि 24 घंटे हो गए मोदी जी. मैंने आपको चैलेंज दिया है. किसी भी स्टेज पर जगह चुनिये, डिबेट कीजिये मेरे साथ. इससे पहले राहुल गांधी ने सोमवार, 2 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी को खुली बहस की चुनौती दी थी.
क्या बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो में कहा, “24 घंटे हो गए मोदी जी. मैंने आपको चैलेंज दिया है. आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है. किसी भी स्टेज पर आप जगह चुनिये, मेरे साथ डिबेट कीजिए. देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है और किस तरह का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिये, डरिए मत.”
उन्होंने कहा, “दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी. एक तरफ़ आप बैठोगे, एक तरफ़ मैं बैठूंगा. जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो. मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो. और फिर डिबेट करते हैं.”
राहुल गांधी ने आगे कहा, “आ जाइये, डरिए मत. दूध का दूध, पानी का पानी कीजिये. आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ़ हो जाएगा.” इसके साथ ही राहुल गांधी ने अपने ख़िलाफ़ दर्ज मानहानि के मुक़दमों का ज़िक्र करते हुए कहा, “इस डिबेट के मामले में, विदेशी कनेक्शन के मामले में आप मानहानि का मुक़दमा नहीं लगा रहे हो. लगाइए ना, वहां भी खुलकर डिस्कस करेंगे. ये सब डिस्कस करते हैं, आइए. हैप्पी दिवाली, मोदी जी.”
सोमवार को क्या कहा था
गौरतलब है कि सोमवार, 2 नवंबर को राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही इस पद पर बने हुए हैं. राहुल ने आरोप लगाया था,”आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से है. विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है. मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं. कोई भी मंच, किसी भी समय. हिम्मत है तो आइए. आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं.”
