रांची: लंबे इंतजार के बाद झारखंड लोक सेवा आयोग ने झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 (JET-2024) को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया है.
परीक्षा को लेकर आयोग ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं और अभ्यर्थियों को समय रहते जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
आयोग के अनुसार परीक्षा 26 अप्रैल (रविवार) को राज्य के छह जिलों रांची, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), हजारीबाग और देवघर में होगी.
इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की शिक्षण और शोध क्षमता के साथ-साथ विषयगत दक्षता का आकलन किया जाएगा.
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार परीक्षा दो पेपर में आयोजित होगी. प्रथम पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा. इसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जो 100 अंकों के होंगे.
यह पेपर अभ्यर्थियों की शिक्षण योग्यता, शोध अभिरुचि, तार्किक क्षमता, पठन समझ, विविध सोच और सामान्य जागरूकता की जांच के लिए तैयार किया गया है.
वहीं द्वितीय पेपर में 100 प्रश्न होंगे, जो 200 अंकों के होंगे. यह पेपर अभ्यर्थी द्वारा चयनित विषय पर आधारित होगा और उनके विषय ज्ञान का मूल्यांकन करेगा.
दोनों पेपर के लिए कुल 3 घंटे का समय निर्धारित है और बीच में कोई अवकाश नहीं दिया जाएगा.
आयोग ने बताया है कि परीक्षा केंद्रों के आवंटन की सूची 15 अप्रैल 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी. अभ्यर्थी OTR पोर्टल के माध्यम से अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.
एडमिट कार्ड 22 अप्रैल 2026 से ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे.
