केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा के बाद परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों और गठबंधन की बैठक में रणनीतिक चर्चा के बीच शनिवार की शाम रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने दल के सांसदों के साथ बैठक कर विचार विमर्श किया की है. इस बैठक से संकेत मिले हैं कि राज्य में आदिवासियों की सीटें बढ़ी, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा विधेयक का समर्थन करने की ओर हाथ बढ़ा सकता है. हालांकि फैसला जेएमएम अध्यक्ष हेमंत सोरेन को लेना है.
कांके रोड स्थित सीएम आवास पर करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में परिसीमन बिल के प्रावधानों और झारखंड के हितों पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों को बिल का बारीकी से अध्ययन करने और संसद में पार्टी की रणनीति के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने का निर्देश दिया है.
बैठक में शामिल होने के बाद जेएमएम की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने मीडिया से कहा, अभी-अभी डॉक्यूमेंट्स मिले हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हमें सलाह दी है कि बिल को सावधानी और विस्तार से पढ़ा जाए. मुख्यमंत्री जी भी अपने स्तर से इसे देख रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा, “बिल का सारा विवरण पिछली रात पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया था, जिसमें इसके प्रावधान और इसमें क्या है, यह सब समझाया गया था. हमें इस पर विशेषज्ञों की राय लेंगे. ताकि यह तय किया जा सके कि यह राज्य के हित में है या नहीं…. चाहिए ”
राज्यसभा के सांसद बैद्यानाथ राम ने कहा है, पर्याप्त समय है अध्ययन करने के लिए. 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की बातें हो रही हैं. अगर उसी अनुपात में एसटी, एससी की सीटें बढ़ेंगी, तो हम इसे देखेंगे. उसी आदार पर जेएमएम अपना फैसला लेंगे.
राज्यसभा के सांसद सरफराज अहमद ने मीडिया से कहा, बिल पर स्टडी करने को कहा गया है. अभी इसमें कई बातें हैं. सीटें बढ़नी है, तो उसी अनुरूप देखेंगे. लेकिन अंतिम तौर फैसला सीएम लेंगे.
गौरतलब है कि हेमंत सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हैं. पार्टी में लोकसभा के तीन और राज्यसभा के तीन सांसद हैं. फिलहाल जेएमएम इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और राज्य में कांग्रेस, राजद, भाकपा माले के सहयोग से सरकार का हेमंत सोरेन नेतृत्व कर रहे हैं. लोकसभा में जेएमएम से नलिन सोरेन दुमका का तथा विजय हांसदा राजमहल और जोबा मांझी सिंहभूम का प्रतिनिधित्व करती हैं.
