रांचीः झारखंड में बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के मधुटॉड जंगल से बरामद नरकंकाल मामले में हाईकोर्ट कोर्ट ने कहा है कि लापता युवती पुष्पा के माता-पिता के डीएनए सैंपल की जांच कोलकाता स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (CFSL) में कराई जाए. इसके साथ ही, बरामद कंकाल का विस्तृत पोस्टमार्टम रांची के रिम्स में कराने का निर्देश दिया गया है.
कोर्ट में डीजीपी, एसपी रहे हाजिर
सुनवाई के दौरान डीजीपी, बोकारो एसपी, एफएसएल निदेशक और नई गठित एसआईटी की टीम व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में हाजिर हुई. कोर्ट ने जांच प्रक्रिया में हो रही देरी पर कड़ा ऐतराज जताया. डीजीपी ने अदालत को भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाएगा. हालांकि, कोर्ट ने इस बात पर सवाल उठाए कि जब डीएनए सैंपल लेने के कुछ ही घंटों में प्रक्रिया शुरू हो सकती थी, तो अब तक इतनी देरी क्यों की गई.
सरकार की ओर से कोर्ट को जानकारी दी गई कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में 28 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निलंबित किया गया है.
इस पर न्यायालय ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “केवल निचले स्तर के कर्मियों पर गाज गिराना पर्याप्त नहीं है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इतने बड़े मामले में उच्च अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए और कार्रवाई केवल दिखावा नहीं होनी चाहिए.”
31 जुलाई 2025 से लापता
31 जुलाई 2025 से लापता युवती पुष्पा की खोज में पुलिस की कार्रवाई नहीं होने पर लड़की की मां ने कोर्ट की शरण ली थी. कोर्ट ने इस मामले में जब जवाब-तलब किया, तो नये सिरे से एक एसआईटी गठित की गई.
बीते 13 अप्रैल को बोकारो पुलिस ने मधुटांड़ जंगल से एक कंकाल बरामद करते हुए दावा किया है कि यह लापता लड़की का कंकाल हैं.
पुलिस ने एक आरोपी दिनेश महतो को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. पुलिस का कहना है कि दिनेश महतो ने ही पुष्पा की हत्या की थी और उसकी निशानदेही पर कंकाल बरामद किया गया है. इसके साथ ही जांच मे लापरवाही बरतने के आरोप में थाने के सभी 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है.
हालांकि प्रार्थी की ओर से बरामद कंकाल को पुष्पा का ही होने पर संदेह जताया गया है और कहा गया कि जांच की दिशा सही नहीं है.
हाईकोर्ट ने अब मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद की तय की है. अदालत ने निर्देश दिया है कि अगली तारीख पर भी डीजीपी, बोकारो एसपी और एसआईटी टीम को उपस्थित रहना होगा, ताकि जांच की प्रगति का जायजा लिया जा सके.
