पटनाः पटना स्थित जदयू कार्यालय में नीतीश कुमार पर बनी एक शॉर्ट फिल्म की डिजिटल कॉपी रिलीज की गई है.
नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने गुरुवार को अपने पिता पर बनी शॉर्ट फिल्म ‘मेरा नेता मेरा अभिमान’ लॉन्च की.
इस फिल्म में नीतीश कुमार के 20 वर्षों के कार्यकाल और उपलब्धियों को दिखाया गया है.
इसी मौके पर उनके ऊपर आधारित एक गाना भी रिलीज किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल कुछ पलों के लिए भावुक हो गया.
यह फिल्म नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और बिहार में विकास को गति देने पर आधारित है.
कार्यक्रम के दौरान जदयू नेता अशोक चौधरी नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. जब अशोक चौधरी भावुक हो गए, तब निशांत कुमार ने आगे बढ़कर उनका कंधा थाम लिया और उनका मनोबल बढ़ाया.
बिहार में नई सरकार गठन के बाद यह पहला मौका था,जब निशांत कुमार सार्वजनिक रूप से सामने आए. दोपहर करीब 12:45 बजे वह जदयू दफ्तर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया.
निशांत ने सम्राट चौधरी को बताया ‘बड़ा भाई’
मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा, “सम्राट चौधरी मेरे बड़े भाई हैं. उन्हें बधाई देता हूं. उन्होंने कहा कि वह सम्राट चौधरी के नेतृत्व में काम करेंगे और संगठन को मजबूत बनाएंगे. साथ ही उन्होंने विजय चौधरी को भी बधाई दी. निशांत ने आगे कहा कि मेरे पिता जी और मेरा नई सरकार को पूरा सहयोग है.”
