लखनऊ के एक निजी कोचिंग सेंटर में आग की घटना में 14 बच्चों की मौत हो गई है. इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतकिक्रिया सामने आई है.
वह अलीगढ़ के दौरे पर थे, जहां से अब वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है. वहां पर एक अग्निकांड की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं. उसके कारण उनकी दुखद मौत… प्रशासन वहां पर राहत कार्यों में लगा हुआ है.”
योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को जांच के आदेश दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि वे स्वयं मौक़े पर जाकर इसकी रिपोर्ट पेश करें.”
उत्तर प्रदेश कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के मुताबिक़, लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग की घटना में कम से कम 14 लोगों की मौत हुई है.

ब्रजेश पाठक ने कहा, “हमारे अपने परिवार के 14 बच्चे इस घटना में हताहत हुए हैं. चार बच्चे घायल हुए हैं, जिन्हें केजीएमसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है.”
उन्होंने कहा कि घटना के उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं. जो भी इसके लिए ज़िम्मेदार होंगे उनके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने यह भी बताया कि सर्च ऑपरेशन पूरा हो चुका है.
