शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड में धनबाद की शिक्षिका मुनमुन भट्टाचार्य को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.
नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया.
मुनमुन भट्टाचार्य मध्य विद्यालय बरमसिया की प्रभारी प्रधानाध्यापिका हैं. विद्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में किये गये नवाचार, सीमित संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और सतत विकास लक्ष्यों को स्कूली शिक्षा से जोड़ने, ड्रॉप आउट रोकने और बेटियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है.
सम्मान के रूप में उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, रजत पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया.
पुरस्कार मिलने के बाद मुनमिन भट्टाचार्य ने एक बार फिर कहा है कि यह सम्मान सभी शिक्षकों को समर्पित है.
उन्होंने कहा है कि इस सम्मान के लिए चयनित होने पर गर्व का अनुभव कर रही हूं. एक शिक्षिका के तौर पर समाज और शिक्षा को वह अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करती रहेंगी.
