झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शुक्रवार को कहा है कि उनका सपना झारखंड को मेडिकल एंड हेल्थ टेक्नोलॉजी हब बनाना है.
उन्होंने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रदर्शनी के दौरान 32 देशों की स्वास्थ्य तकनीकों को समझने की कोशिशें की और विशेषज्ञों के साथ आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था को झारखंड तक पहुंचाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण चर्चाएं कीं.
इरफान अंसारी ने एक्स पर इस यात्रा की जानकारी देने के साथ कहा, भारत मंडपम में 32 देशों की ओर से प्रस्तुत अत्याधुनिक स्वास्थ्य तकनीकों को करीब से देखने का अवसर मिला. इस दौरान विभिन्न देशों के विशेषज्ञों के साथ कई सार्थक बातचीत हुई, जिनका उद्देश्य झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है.
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक तकनीक, आधुनिक एमआरआई और सीटी स्कैन सिस्टम के साथ-साथ नई दवाओं, विशेष रूप से कैंसर के इलाज में उपयोग होने वाली दवाओं पर विस्तार से चर्चा की.
साझेदारी की तलाश
डॉ अंसारी ने कहा कि झारखंड सरकार ओमान और जर्मनी के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में संभावित साझेदारी की संभावनाएं भी तलाश रही है. इन देशों के साथ सहयोग स्थापित होने पर राज्य में नई चिकित्सा तकनीक, आधुनिक उपचार पद्धतियां और विशेषज्ञता लाने का रास्ता खुलेगा. इससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में भी बड़ा बदलाव आ सकता है.
