भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है अगर भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता अपने दायित्व को, संगठन की भूमिका को सही ढंग से निर्वहन करने का संकल्प ले लेता है तो उसे आगे बढ़ने से कोई ताकत रोक नहीं सकती. झारखंड को लेकर मन में एक कसक रहती है कि यहां सत्ता से दूर हैं, पर झारखंड में सभी परिस्थितियां अनुकूल हैं. कार्यकर्ता कमर कस लें, यहां बी कमल खिलाना है. सरकार बनानी है.
रांची में 24 अक्टूबर से शुरू हुई झारखंड बीजेपी कार्यसमिति की बैठक के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के मंत्र फूंके. साथ ही कुछ नसीहतें भी दीं.
उन्होंने कहा, सक्रियता, संवाद और हमारे कार्यकर्ताओं के साथ संबंध इन तीनों चीजों को बेहतर तरीके से नीचे उतारने की आवश्यकता है. पार्टी के जो हमारे निर्णय होते हैं, जो कार्यक्रम होते हैं उनको कैसे जमीन पर परिणाम के रूप में बदलें, यह हमारा मिशन होना चाहिए. हम कार्यक्रम को परिणाम देने लायक कैसे बनाते हैं यह हमारा संकल्प होना चाहिए.
नबीन ने कहा, “भाजपा कार्यकर्ता पार्ट टाइम राजनीति नहीं करते, बल्कि 24 घंटे और सातों दिन जनता की सेवा में लगे रहते हैं. यही उनकी ताकत है और इसी के आधार पर जनता से सीधा संवाद स्थापित करना होगा.”
हेमंत सरकार पर साधे निशाने
उन्होंने कहा, अगर भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता अपने दायित्व को अपने संगठन की भूमिका को सही ढंग से निर्वहन करने का संकल्प ले लेता है तो उसे आगे बढ़ने से कोई ताकत रोक नहीं सकती.
इसके साथ ही उन्होंने हेमंत सरकार के कामकाज पर सवाल खड़े करते हुए निशाने साधे. उन्होंने कहा कि यहां भ्रष्टाचार चरम पर है. कानून-व्यवस्था बिगड़ी हुई है. इनके अलावा अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग मुद्दे हैं. इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्रवार सरकार के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी का माहौल तैयार करें.
नितिन नबीन ने कहा कि पूरे देश में भाजपा का विस्तार हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं की स्वीकार्यता बढ़ी है. इन योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी झारखंड के लोगों तक भी पहुंचानी होगी. उन्होंने कहा कि संयुक्त बिहार के समय से ही झारखंड क्षेत्र भाजपा के लिए मजबूत रहा है. यहां के कार्यकर्ताओं में संघर्ष करने की क्षमता है. जिस दिन वे पूरी ताकत से कमर कस लेंगे, उस दिन झारखंड में भाजपा को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकेगा.
संविधान और लोकतंत्र के सवाल पर
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ राजनीतिक दल संविधान और लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, जबकि उनके कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचा. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है और कुछ ताकतें इसमें सहयोग कर रही हैं. नितिन नबीन ने कहा कि देश के नेतृत्व की नीयत और नीतियों पर भाजपा को पूरा विश्वास है. भारत वैश्विक अस्थिरता के दौर में भी विकास की गति बनाये हुए है.
रिजिम चेंज हरगिज नहीं हो सकता
कुछ लोगों को देश की प्रगति स्वीकार नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी अवसर बढ़े हैं. अब गरीब परिवारों के बच्चे भी नीट जैसी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है लोकतंत्र के मूल्यों की दुहाई देने वाले देश में अराजकता का माहौल बनाने में जुटे हैं. लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती दी जा रही है. वो रिजीम चेंज की बात करते हैं, पर ये हरगिज हो नहीं सकता.
संविधान को तार-तार करने में कांग्रेस जुटी है. हम संवैधानिक संस्थानों को सम्मान से देखते हैं. एसआईआर बिहार में हुआ है. वहां कोई गड़बड़ी नहीं हुई.
राहुल गांधी पर भी उन्होंने हमला बोला. कहा कि राहुल टूलकिट बनकर राजनीति कर रहे.
