पिपरवारः पिपरवार थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ में सोमवार रात करीब 9:15 बजे पिपरवार-टंडवा मुख्य सड़क पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी एवं रैयत विस्थापित मोर्चा के पिपरवार अध्यक्ष 75 वर्षीय रामचंद्र उरांव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
रामचंद्र उरांव कारो महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भी थे.
कारो महाविद्यालय में आयोजित करम पूर्व संध्या समारोह में शामिल होने के बाद उन्होंने समारोह की सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की. इसके बाद वे कारो से पिपरवार की ओर मारुति वैन से लौट रहे थे.
इस बीच सीआईएसएफ जवानों को ड्यूटी पर ले जा रही एक निजी शिफ्ट बस और कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में दुर्घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
दुर्घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. रैयत विस्थापित मोर्चा के नेताओं-कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पिपरवार-टंडवा ट्रांसपोर्टिंग सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. देर रात तक सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही. सड़क जाम होने के कारण इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई.
