खूंटीः खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरूंगा पुलिस कैंप से सटे बनमगड़ा के जंगल में सोमवार को सुरक्षाबलों ने 18 शक्तिशाली आईईडी बरामद किए हैं. प्रत्येक विस्फोटक का वजन लगभग तीन किलोग्राम है. बमनगड़ा में ही बम निरोधक दस्ता की सहायता से सभी 18 आईईडी को विनष्ट कर दिया गया.
खूंटी के एसडीपीओ वरुण कुमार रजक ने जानकारी देते हुए बताया कि पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को आठ जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों द्वारा खूंटी क्षेत्र के पहाड़ी इलाकों में गोला-बारूद छुपाकर सुरक्षा बलों के विरूद्ध उनका अभियान रोकने तथा उन्हें लक्षित कर हानि पहुंचाने की योजना बनाई गई है.
इस इनपुट के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पश्चिमी सिंहभूम पुलिस, सीआरपीएफ 60वीं बटालियन और झारखंड जगुआर की टीम ने खूंटी पुलिस से संपर्क किया. इसके बाद अड़की थाना पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से नौ जुलाई को सघन सर्च अभियान चलाया गया, जिसके तहत बनमगड़ा जंगल से 18 आईईडी बरामद किए गए.
गौरतलब है कि बनमगड़ा क्षेत्र नक्सलियों का पुराना सुरक्षित इलाका रहा है. यहां से वे आड़ाहातू, रेसुद, कुडुम्दा और जटुआ जैसे इलाकों में बेरोकटोक आवाजाही किया करते थे. सुरक्षा बलों का यह अभियान माओवादियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करने में सफल रहा है.
