रांचीः झारखंड विधानसभा में हेमंत सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने दिशाहीन और तथ्यहीन बताया है.
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट रंगहीन है और इसमें कोई खुशबू भी नहीं है.
उन्होंने कहा कि 1.58 लाख करोड़ का बजट प्रस्ताव केवल गोल-मटोल आंकड़ों का प्रस्तुतीकरण है. इसमें राज्य के विकास का कोई विजन नहीं दिखाई पड़ता है.
उन्होंने कहा कि बजट भाषण पढ़ते वित्त मंत्री को देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे वे आधे मन से भाषण पढ़ रहे थे. एक बार भी मुख्यमंत्री ने मेज थपथपा कर प्रोत्साहित नहीं किया. वित्त मंत्री इसे आदर्श बजट बता रहे थे.
उन्होंने कहा कि सरकार बाल बजट भी पेश करने का दावा कर रही है, लेकिन राज्य के हजारों लापता बच्चों की कोई चर्चा बजट में नहीं की गई.
इसी राज्य में थैलीसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी खून चढ़ाया गया.ऐसे प्रभावित बच्चों के विषय में कोई घोषणा नहीं की गई. जेंडर बजट की बात त सरकार कर रही है, लेकिन इस राज्य में सबसे ज्यादा असुरक्षित महिलाएं ही हैं.
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में पैसों की कोई कमी नहीं होने की बात की है लेकिन 3200 रुपए क्विंटल धान खरीदने में यह सरकार पूरी तरह विफल रही.
