बोकारोः बोकारो के चास थाना क्षेत्र के बंशीडीह में बच्चा चोर के शक पर ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश के संबल जिले से आए पांच साधुओं की जमकर पिटाई कर दी.
उत्तर प्रदेश नंबर के वाहन पर सवार ये साधू घूम-घूम कर भिक्षा मांग रहे थे. साधुओं पर शक होने से भीड़ ने हमला बोल दिया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना चास थाने को दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और साधुओं को भीड़ से बचाते हुए थाने ले गयी. मुख्यालय डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने पूछताछ की, जिसमें बच्चा चोरी का कोई सबूत नहीं मिला.
बाद में जानकारी मिली की ये सभी साधु भिक्षाटन के लिए क्षेत्र में आये थे. पूछताछ के बाद साधुओं को छोड़ दिया गया. जिले के एसपी हरविंदर सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चा चोरी की अफवाह का शिकार न बनें. संदिग्ध दिखे, तो थाने या 112 पर सूचना दें. कानून हाथ में न लें. सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन अफवाह न फैलायें. उन्होंने किसी भी हाल में कानून नहीं तोड़ने को कहा है.
