दुमकाः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सिदो-कान्हू एयरपोर्ट परिसर में “झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट” का विधिवत शुभारंभ किया.
उन्होंने कहा है, “झारखंड के युवाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए यह कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग संस्थान उन्हें समर्पित किया जा रहा है. आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की परिकल्पना थी कि राज्य के युवाओं को राज्य में ही कमर्शियल पायलट का प्रशिक्षण मिले. इस परिकल्पना को साकार करने में यह इंस्टीट्यूट मील का पत्थर साबित होगा. आप सभी को इस शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई और जोहार.”
दुमका दौरे पर गए सीएम ने करोड़ों की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास भी किया. इनके अलावा नियुक्ति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण भी किया.
मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना
मुख्यमंत्री ने दुमका जिला अंतर्गत रानेश्वर प्रखंड के मुरगुनी में सिद्धेश्वरी नदी पर निर्माणाधीन मसलिया-रानेश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना की कार्य प्रगति का निरीक्षण करते हुए अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के क्रम में कहा कि यह मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना दुमका के लिए काफी महत्वपूर्ण है. इससे इस जिले की मसलिया और रानेश्वर प्रखंड के 22 हजार हेक्टेयर से ज्यादा भूमि पर सिंचाई की सुविधा पहुंचाई जानी है. ऐसे में इस मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के शेष बचे कार्यों को शीघ्र पूरा करें, ताकि किसानों को इसका लाभ मिले.
1313 करोड़ की लागत वाली मसलिया – रानेश्वर मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना राज्य सरकार की एक अति महत्वाकांक्षी योजना है. सिद्धेश्वरी नदी पर बन रही इस मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना के जरिए मसलिया प्रखंड के 15 पंचायत और रानेश्वर प्रखंड के चार पंचायत के अंतर्गत आने वाले 226 गांवों के 22,283 हेक्टेयर भूमि में भूमिगत पाइपलाइन के जरिए पटवन की सुविधा उपलब्ध होगी.
