हजारीबागः नाम- शंभु कुमार. झारखंड पुलिस महकमा का एक अदना सिपाही. ट्रेजरी घोटाले में उसकी गिरफ्तारी के बाद शहर के दीपूगढ़ा में उसके आलीशान भवन की चर्चा सुर्खियों में है.
पिछले दस फरवरी को शंभु ने गृह प्रवेश किया था. इस भवन में कई फ्लैट निकाले गए हैं. इस आलीशान भवन में शंभू के परिवार के रहने के लिए अलग हिस्सा है.
15.41 करोड़ के ट्रेजरी घोटाले में शंभु समेत तीन सिपाहियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. दो अन्य सिपाहियों के नाम पंकज और रजनीश है.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी सिपाही शंभु कुमार के पास थार, स्कॉर्पियो, इनोवा जैसी कई महंगी गाड़ियां हैं.
इसके अलावा बिहार के गयाजी में अनुग्रह कॉलोनी में उसने आलीशान मकान ठोंका है. गया एयरपोर्ट के पास 12 डिसमील जमीन खरीदी है.
अन्य दो आरोपियों की संपत्ति की भी जांच चल रही है.
iगौरतलब है कि कोषागार एवं सांस्थिक वित्त निदेशालय, वित्त विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा किए गए डेटा एनालिसिस के अनुसार हजारीबाग जिला ट्रेजरी से दो बैंक खातों में 15.41 करोड़ रूपये की अवैध निकासी की गई है.
इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है.
जांच के क्रम में यह खुलासा हुआ है कि इस अवैध निकासी में पुलिस विभाग के लेखा शाखा में कार्यरत तीन सिपाही शंभु कुमार, रजनीश सिंह एवं धीरेंद्र सिंह इस निकासी में संलिप्त थे.
इस संबंध में कोषागार पदाधिकारी, हजारीबाग द्वारा लोहसिंगना थाना में 8 अप्रैल को कांड संख्या 32/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
वित्त विभाग, झारखण्ड सरकार द्वारा किए गए डेटा एनालिसिस के अनुसार विगत आठ वर्षों में कुल ₹15,41,41,485/- (पंद्रह करोड़ इकतालीस लाख इकतालीस हजार चार सौ पचासी रुपये) के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की सूचना सरकार को मिली है.
जांच दल द्वारा जिला कोषागार, हजारीबाग में उपलब्ध अभिलेखों एवं विपत्रों की जांच के दौरान यह पाया गया कि Temp. Pay ID बनाकर अवैध रूप से सरकारी राशि की निकासी की गई तथा उक्त राशि को विभिन्न संदिग्ध बैंक खातों में हस्तांतरित किया गया.
अवैध निकासी की खबर सामने आने के बाद जांच जारी है. संकेत मिले हैं कि हजारीबाग का घोटाला 15.41 करोड़ से कहीं ज्यादा का है.
